पैठाणी महाविद्यालय का प्रथम वार्षिकोत्सव धूमधाम से सम्पन्न, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया शुभारंभ, कई महत्वपूर्ण घोषणाएं

पैठाणी : राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी का प्रथम वार्षिकोत्सव सोमवार को अत्यंत उत्साह, उल्लास एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मां शारदे के समक्ष श्रद्धा अर्पित कर किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय के नव-रचित कुलगीत सहित सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, गणेश वंदना, गढ़वाली लोकगीत एवं स्थानीय संस्कृति एवं वाद्य यंत्रों पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं मीडिया प्रभारी डॉ. प्रकाश फोंदणी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम का संचालन किया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल एवं प्राध्यापकों ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री द्वारा महाविद्यालय की प्रथम वार्षिक पत्रिका “बनास” का विमोचन किया गया। साथ ही डॉ. प्रकाश फोंदणी एवं डॉ. कुमार गौरव जैन द्वारा लिखित रसायन विज्ञान की पुस्तक का लोकार्पण भी किया गया। मंत्री द्वारा महाविद्यालय परिसर में निर्मित शौर्य दीवार का अनावरण तथा पेयजल टैंक का लोकार्पण भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति योजना से लाभान्वित मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रतीक चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त मनोनीत छात्र परिषद के सदस्यों एवं वार्षिक पत्रिका में विज्ञापन सहयोग देने वाले सहयोगियों को भी सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने महाविद्यालय के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रदेश का प्रथम व्यावसायिक महाविद्यालय है, जिसे भविष्य में न्यूक्लियस सेंटर के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उच्च शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु प्रतिबद्ध है।

उन्होंने आश्वस्त किया कि शीघ्र ही महाविद्यालयों में शिक्षकों की पूर्ण नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी तथा स्मार्ट क्लासरूम, मॉड्यूलर लैब एवं समुचित फर्नीचर की व्यवस्था की जाएगी। इस दौरान उन्होंने एमएससी, एमबीए, एमसीए, बीटेक, चार वर्षीय इंटीग्रेटेड बीएड पाठ्यक्रम प्रारंभ करने, खेल सामग्री, जिम, संगीत वाद्य यंत्र, मुख्य द्वार पर प्रतीक्षालय, छात्रावास सामग्री, प्राचार्य आवास, गेस्ट हाउस, बहुउद्देशीय हॉल, 100 कुर्सियां एवं पुस्तकालय हेतु पुस्तकों की व्यवस्था सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक प्रो. ए.एस. उनियाल ने प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए छात्र-छात्राओं को नियमित उपस्थिति एवं बेहतर परीक्षा परिणाम हेतु प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रभावी मेंटरिंग पर विशेष बल दिया।

ब्लॉक प्रमुख थलीसैंण सुनीता रावत ने कहा कि महाविद्यालय के विकास के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें। जिला पंचायत सदस्य डॉ. शिवचरण नौडियाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल ने उच्च शिक्षा मंत्री सहित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के योगदान की सराहना की।

इस अवसर पर पीटीए अध्यक्ष अमर सिंह नेगी, पूर्व दर्जाधारी राज्यमंत्री राजेंद्र सिंह रौथाण, मंडल अध्यक्ष विजय रौथाण सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

NEET UG 2026 परीक्षा रद्द, पेपर लीक मामले की जांच करेगी CBI

Tue May 12 , 2026
नई दिल्ली। देशभर के लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 परीक्षा को रद्द कर दिया है। बताया जा रहा है कि पेपर लीक मामले के सामने आने के बाद यह बड़ा फैसला लिया गया है। मामले की गंभीरता को […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!