खड़गे की सभा के बाद मंच के शुद्धिकरण पर सियासी संग्राम, कांग्रेस ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ दी तहरीर

देहरादून। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा के बाद कार्यक्रम स्थल पर हवन-पूजन कर कथित शुद्धिकरण किए जाने का मामला अब राजनीतिक और कानूनी विवाद में बदल गया है। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को अनुसूचित जाति समाज का अपमान बताते हुए प्रदेशभर में विरोध शुरू कर दिया है। सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देहरादून समेत विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि खरगे की सभा के बाद मंच का शुद्धिकरण कराया जाना सामाजिक भेदभाव को बढ़ावा देने वाला कृत्य है। उन्होंने मामले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग की।

महेंद्र भट्ट के खिलाफ पुलिस को दी तहरीर

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के खिलाफ धारा चौकी में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि मामले की जांच कर शुद्धिकरण कार्यक्रम में शामिल लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए।

विकासनगर और सहसपुर में भी विरोध

विकासनगर में पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने विकासनगर और सहसपुर कोतवाली के साथ ही सेलाकुई थाने में शिकायत देकर कथित शुद्धिकरण की घटना पर आपत्ति जताई और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। इस दौरान भाजपा के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।

प्रदेशभर में गरमाया मामला

हल्द्वानी की घटना को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि सार्वजनिक मंच पर किसी नेता की सभा के बाद शुद्धिकरण किया जाना सामाजिक समानता और संविधान की भावना के विपरीत है। कांग्रेस ने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।

उधर, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। मामला अब केवल हल्द्वानी तक सीमित न रहकर देहरादून, हरिद्वार, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में विरोध-प्रदर्शन और शिकायतों तक पहुंच गया है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उत्तराखंड में सरकारी नौकरी का मौका, 553 पदों पर भर्ती, UKSSSC ने जारी किया विज्ञापन

Tue Sep 1 , 2026
देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत की खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने विभिन्न विभागों में समूह ‘ग’ के 553 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी विज्ञापन संख्या 80/उ०अ०से०च०आ०/2026 […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!