भाई दलेर मेहंदी के बचाव में उतरे मीका सिंह

मुंबई : उत्तराखण्ड के कुंजापुरी मेले में सिंगर दलेर मेहंदी के स्टेज परफॉर्मेंस को लेकर शुरू हुआ विवाद अब चर्चा का विषय बन गया है। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी को बीच में ही रोककर नाराजगी जाहिर की थी। मंत्री ने आरोप लगाया कि गायक शराब पीकर कार्यक्रम में पहुंचे थे और ठीक से गाना भी नहीं गा पा रहे थे। अब इस पूरे मामले पर उनके छोटे भाई और मशहूर सिंगर मीका सिंह ने प्रतिक्रिया दी है। मीका ने दलेर मेहंदी का बचाव करते हुए उनकी सेहत से जुड़ी अहम बात भी साझा की है।
 
मीका सिंह ने दलेर मेहंदी का किया बचाव
मीका सिंह ने मंगलवार, 20 अक्टूबर को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया। इसमें उन्होंने अपने बड़े भाई दलेर मेहंदी पर लगाए गए शराब पीकर गाने के आरोपों पर सवाल उठाए। मीका ने कहा कि दलेर मेहंदी पिछले करीब 30 साल से सुपरस्टार हैं, लेकिन क्या किसी ने उन्हें कभी शराब पीते हुए देखा है?
 
मीका सिंह ने वीडियो में कहा, “कल ही मैंने अपने बड़े भाई की न्यूज देखी है कि आप लोगों ने फैला दिया है कि ‘दलेर मेहंदी शराब पीकर गाना गा रहे हैं. शराब पीकर उनसे गाना गाया नहीं जा रहा है. पहली बात कि मैं आप लोगों से पूछना चाहता हूं, वो पिछले 30 सालों से सुपरस्टार रहे हैं. क्या जिंदगी में कभी आपने उनके हाथ में शराब का गिलास देखा है, या उनके बर्थडे पार्टी में देखा कि शराबें चल रही हैं, शराबें पी जा रही हैं?”
 
उन्होंने आगे कहा, “लेकिन क्या आपने कभी दलेर पाजी को शराब पीते हुए देखा है? नहीं देखा है. जब आपने ऐसा देखा ही नहीं, तो आपने सीधे कैसे बोल दिया कि उन्हें खड़ा ही नहीं होया जा रहा है.”
 
बीमार होने के बावजूद शो करने पहुंचते हैं कलाकार: मीका सिंह
मीका सिंह ने अपने वीडियो में कलाकारों की व्यस्तता और उनके काम के प्रति जिम्मेदारी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कई बार कलाकार किसी कार्यक्रम के लिए हां कर देते हैं और फिर तबीयत खराब होने के बावजूद अपनी प्रतिबद्धता निभाने पहुंच जाते हैं।
 
मीका ने कहा, “मैं आप लोगों से एक ही चीज रिक्वेस्ट करते हुए कहना चाहता हूं कि कई बार हम लोग, हम जितने भी आर्टिस्ट लोग हैं, हम लोग कई बार किसी के कहने पर हां कर देते हैं. हम बोल देते हैं कि हां हम शो करने आ रहे हैं. भले ही हम लोगों को 104 डिग्री बुखार हो, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता. अगर मैं बीमार हूं और मुझे पता चलता है कि हां यार परसों मेरा कोई शो है और मैंने हां कर दी है, भले ही इसमें बजट कम था या ज्यादा था, हमें कोई फर्क नहीं पड़ता, मैं वह शो जरूर करूंगा.”
 
दलेर मेहंदी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि संभव है उनके भाई ने भी अपनी सेहत ठीक नहीं होने के बावजूद कार्यक्रम में शामिल होने का फैसला किया हो।
 
दलेर मेहंदी की हुई थी बड़ी सर्जरी, मीका ने बताई वजह
मीका सिंह ने अपने बयान में दावा किया कि दलेर मेहंदी की हाल ही में बड़ी सर्जरी हुई थी। उनके मुताबिक, इसी वजह से कार्यक्रम के दौरान गायक की तबीयत ठीक नहीं रही होगी। मीका ने यह भी कहा कि उनके भाई ने उन्हें इस निजी जानकारी को सार्वजनिक नहीं करने के लिए कहा था, लेकिन एक भाई और प्रशंसक के तौर पर वह अपना पक्ष रखना चाहते हैं।
 
मीका ने कहा, “अगर उनसे खड़ा नहीं हो पाया जा रहा है या नहीं गा पा रहे हैं. हाल ही उनकी तबीयत खराब थी. हालांकि दलेर पाजी ने मुझसे ये शेयर करने से मना भी किया था. लेकिन एक भाई होने के नाते, एक फैन होने के नाते, मुझे सच बोलने का अधिकार है.”
 
इसके बाद मीका ने मंत्री की टिप्पणी पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा, “हाल ही में उनका बहुत बड़ा ऑपरेशन हुआ है. वहां पर बहुत कमाल के मंत्री थे, स्टेज पर आए और झाड़ दिया, ‘आपसे गया नहीं जा रहा, मत गाओ, हमसे पैसे के लिए’ मान लिया, सर आप सही बोल रहे हो. पर ये मत बोलिए कि शराब पीके गाना गा रहे हैं.”
 
मीका सिंह ने दी गाना छोड़ने की चुनौती
अपने भाई पर शराब पीकर मंच पर आने के आरोप को लेकर मीका सिंह ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति दलेर मेहंदी को शराब पीते हुए देखने का दावा करता है, तो वह संगीत छोड़ने तक के लिए तैयार हैं।
 
मीका सिंह ने चुनौती देते हुए कहा, “मैं चैलेंज करता हूं. अगर एक बंदा बोल दे ‘हमने दलेर को शराब पीते हुए देखा है’, मैं गाना ही छोड़ दूंगा.” मीका के इस बयान के बाद दलेर मेहंदी के समर्थन में उनका वीडियो चर्चा में आ गया है। 
 
क्या है दलेर मेहंदी और सुबोध उनियाल का पूरा मामला?
यह पूरा विवाद 18 अक्टूबर को उत्तराखण्ड के टिहरी जिले में आयोजित कुंजापुरी मेले के दौरान सामने आया। नवरात्रि उत्सव से जुड़े इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में दलेर मेहंदी प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान उत्तराखण्ड सरकार में कैबिनेट मंत्री और नरेंद्रनगर के विधायक सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे।
 
मंत्री ने दलेर मेहंदी के गायन पर नाराजगी जताई और उन्हें कार्यक्रम रोकने के लिए कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि देवी दुर्गा के सम्मान में आयोजित धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम में गायक शराब पीकर मंच पर आए थे।
 
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया। अब मीका सिंह ने अपने भाई का पक्ष रखते हुए उनकी हालिया सर्जरी और खराब स्वास्थ्य का हवाला दिया है। ऐसे में यह विवाद कलाकार की सेहत, मंच पर प्रस्तुति और सार्वजनिक कार्यक्रमों में कलाकारों के व्यवहार को लेकर चर्चा का विषय बन गया है।
 
 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

केदारनाथ के कपाट 11 नवंबर को होंगे बंद, तुंगनाथ और मदमहेश्वर धाम के कपाट बंद होने की तिथियां भी घोषित

Tue Oct 20 , 2026
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के प्रसिद्ध पंचकेदार धामों में शीतकालीन यात्रा और पूजा की तैयारियां तेज हो गई हैं। विजयदशमी के अवसर पर भगवान केदारनाथ, तृतीय केदार तुंगनाथ और द्वितीय केदार मदमहेश्वर धाम के कपाट बंद होने की तिथियों की घोषणा कर दी गई है। शीतकाल के आगमन के साथ ही इन […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!