चमोली के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, 74 करोड़ की योजना स्वीकृत

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के समग्र एवं संतुलित विकास को गति देने को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला योजना की बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिले के प्रभारी मंत्री एवं ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री भरत सिंह चैधरी ने की। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 74 करोड़ 23 लाख 70 हजार रुपये की वार्षिक जिला योजना को अनुमोदित किया गया।

जिला योजना की बैठक में प्रभारी मंत्री चैधरी ने कहा कि जिला योजना के माध्यम से जिले के विकास को नई गति मिलेगी तथा रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को योजना में शामिल किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

बैठक में लोक निर्माण विभाग, पेयजल, कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, सिंचाई, पर्यटन, खेल एवं युवा कल्याण, स्वास्थ्य, उद्योग, पंचायती राज, शिक्षा एवं बाल विकास विभाग की प्रस्तावित योजनाओं की समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि योजनाओं को क्लस्टर आधारित दृष्टिकोण से लागू किया जाए तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए।

कृषि और उद्यान क्षेत्र को मजबूत बनाने पर विशेष जोर देते हुए मंत्री ने किसानों को सब्सिडी पर कृषि उपकरण उपलब्ध कराने तथा फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए चैन लिंक फेंसिंग को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। कीवी उत्पादन की संभावनाओं को देखते हुए बड़े क्लस्टर विकसित करने तथा मार्केटिंग और पैकेजिंग व्यवस्था मजबूत करने को कहा।

उन्होंने पशुपालन को पहाड़ों की अर्थव्यवस्था के लिए गेम चेंजर बताते हुए इस क्षेत्र में बड़े और प्रभावी कार्य किए जाने पर बल दिया। मत्स्य पालन, डेयरी एवं सहकारिता क्षेत्रों में भी अधिक कार्य कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया।

जिला योजना के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग को सड़क एवं पुल निर्माण के लिए 6 करोड़ 25 लाख रुपये, राजकीय सिंचाई को 5 करोड़ 80 लाख रुपये, लघु सिंचाई को 2 करोड़ 80 लाख रुपये, पेयजल संस्थान को 5 करोड़ 20 लाख रुपये तथा पेयजल निगम को 2 करोड़ 40 लाख रुपये का परिव्यय स्वीकृत किया गया।

इसी प्रकार पर्यटन विभाग को 5 करोड़ 10 लाख रुपये, प्रादेशिक विकास दल को 4 करोड़ 70 लाख रुपये, पशुपालन विभाग को 3 करोड़ 65 लाख रुपये, कृषि विभाग को 4 करोड़ 80 लाख रुपये तथा उद्यान विभाग को 5 करोड़ 5 लाख रुपये की धनराशि अनुमोदित की गई। शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रारंभिक शिक्षा को 4 करोड़ 30 लाख रुपये तथा माध्यमिक शिक्षा को 4 करोड़ 25 लाख रुपये स्वीकृत किए गए।एलोपैथिक चिकित्सा के लिए 2 करोड़ 88 लाख रुपये, आयुर्वेद विभाग को 70 लाख रुपये तथा होम्योपैथिक विभाग को 11 लाख रुपये का प्रावधान किया गया।

जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी विनय जोशी ने बताया कि इस वर्ष की जिला योजना में 51.91 प्रतिशत धनराशि नए कार्यों, 31.22 प्रतिशत धनराशि वचनबद्ध एवं मानदेय मद तथा 16.87 प्रतिशत धनराशि स्वरोजगार योजनाओं के लिए निर्धारित की गई है।

इस दौरान कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, दायित्वधारी हरक सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बत्र्वाल, पालिकाध्यक्ष संदीप रावत, डीएफओ सर्वेश दुबे, पीडी आनंद सिंह, डीडीओ केके पंत आदि मौजूद रहे।

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

पौड़ी में शुरू हुआ बेमौसमी बटन मशरूम उत्पादन, गर्मियों में भी मिलेगा ताजा लोकल मशरूम

Sun May 17 , 2026
पौड़ी : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “आत्मनिर्भर उत्तराखंड” एवं स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के संकल्प को जनपद पौड़ी गढ़वाल में नयी दिशा मिल रही है। ग्राम्य विकास विभाग की ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत संचालित सीबीओ लेवल एंटरप्राइजेज गतिविधि के तहत विकासखण्ड पौड़ी में संकेत स्वायत्त सहकारिता द्वारा स्थापित […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!