चमोली में लगी उद्यमिता की चौपाल, गांव-गांव पहुंचेगी योजना की जानकारी

गोपेश्वर (चमोली)। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना को गांव-गांव तक पहुंचाने और युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर के ऑडिटोरियम हॉल में मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना-चौपाल (एमएसएमई) आयोजित की गई। कार्यक्रम के दौरान जनजागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

जनजागरूकता वाहन 21 अगस्त से एक सितम्बर तक चमोली जिले के विभिन्न विकासखंडों और न्याय पंचायत क्षेत्रों में पहुंचेगा। वाहन के माध्यम से युवाओं, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों को मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के साथ विभिन्न स्वरोजगार एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

वाहन के माध्यम से योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता, वित्तीय सहयोग, सब्सिडी, उद्यमी पंजीकरण, ब्रांडिंग, उत्पाद पैकेजिंग और बाजार से जुड़ाव की जानकारी दी जाएगी। गोपेश्वर, मंडल, चमोली, बिरही, हेलंग, जोशीमठ, तपोवन, नंदप्रयाग, घाट, कर्णप्रयाग, सिमली, नारायणबगड़, थराली, देवाल, गैरसैंण, मेहलचैरी और पोखरी समेत विभिन्न क्षेत्रों में वाहन पहुंचेगा। कार्यक्रम में हरियाली स्वायत्त सहकारिता को सहयोग प्रदान करते हुए अंजलि देवी को उद्यम शुरू करने और हिलांस भोजनालय के संचालन के लिए छह लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।

चौपाल में उद्यान, कृषि, उद्योग, मत्स्य, पर्यटन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने विभागों की योजनाओं, अनुदान, सब्सिडी, आवेदन प्रक्रिया और उद्यम स्थापना के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि योजना के तहत इच्छुक लोगों को प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता, उद्यम विकास, ब्रांडिंग, उत्पाद पैकेजिंग, गुणवत्ता सुधार और बाजार से जोड़ने में सहयोग दिया जाएगा।

कार्यक्रम स्थल पर विभागीय स्टॉल, स्वयं सहायता समूहों और युवाओं के पंजीकरण डेस्क, उत्पाद एवं उद्यम प्रदर्शनी तथा बैंकिंग एवं ऋण सुविधा सहायता डेस्क लगाए गए। इन माध्यमों से प्रतिभागियों को उद्यम स्थापना, पंजीकरण, ऋण और वित्तीय सहायता से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दायित्वधारी हरक सिंह, प्रेम सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बत्र्वाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह, महामंत्री अरुण मैठाणी, विनोद कनवासी, रघुवीर बिष्ट, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, परियोजना निदेशक आनंद सिंह आदि मौजूद रहे।

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उत्तराखंड : आवारा कुत्तों का आतंक, स्कूलों में तीन दिन की छुट्टी

Fri Aug 21 , 2026
नारायणबगड़। चमोली जिले के नारायणबगड़ क्षेत्र में आवारा और आक्रामक कुत्तों के बढ़ते आतंक ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले कई दिनों से क्षेत्र में कुत्तों के हमलों की घटनाएं सामने आ रही हैं। शुक्रवार सुबह भी कुत्तों के हमले में दो लोगों के घायल होने की सूचना […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!